विकसित भारत के संकल्प को जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा : वीडी राम

पलामू, 14 जून (हि.स.)। पलामू सांसद विष्णु दयाल राम (वीडी राम) ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाकर इसे जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

रविवार को मेदिनीनगर स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के प्रति समर्पण के रहे हैं। इस दौरान देश की दिशा और दशा में सकारात्मक बदलाव आया है।

वीडी राम ने कहा कि जनता का विश्वास केवल प्रचार का परिणाम नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में लिए गए फैसलों, राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने वाली नीतियों और जनता से सीधे संवाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जनता की सेवा कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं तक विकास का लाभ पहुंचाना है। केंद्र सरकार ने गरीबी उन्मूलन, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं, डिजिटल क्रांति और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया है।

सांसद ने कहा कि पंचतीर्थ, जनजातीय गौरव दिवस, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, कर्तव्य पथ, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा, नया संसद भवन और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जैसे कार्य देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक हैं।

उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान मिले हैं और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ‘लखपति दीदी’ अभियान और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए मुद्रा योजना को भी उन्होंने प्रभावी बताया।

वीडी राम ने कहा कि देश में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण, रक्षा उत्पादन और निर्यात में वृद्धि, वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार तथा यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली भारत की आर्थिक प्रगति को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में भाजपा नेता प्रफुल्ल कुमार सिंह, शिव कुमार मिश्रा, विजय ओझा, ईश्वरी पांडे, अलख दुबे, भोला पांडे सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu