पुलिस मुठभेड़ में चेन स्नैचिंग के आरोपित गबरू समेत दो गिरफ्तार, हथियार और लूट का सामान बरामद

पूर्वी सिंहभूम, 16 जून (हि.स.)। शहर में बढ़ती छिनतई की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमवार रात सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के जैप-6 गेट के पास हुई मुठभेड़ में चेन स्नैचिंग के आरोपित हरपाल सिंह उर्फ गबरू सहित दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से पिस्टल, जिंदा कारतूस, लूटे गए जेवरात, नकद राशि, केमिकल स्प्रे और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम टेल्को थाना क्षेत्र के घड़ी पार्क के पास पल्सर बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला से सोने की चेन छीन ली थी। घटना की सूचना मिलते ही टेल्को, सिदगोड़ा, बिष्टुपुर और सीतारामडेरा थाना की पुलिस सक्रिय हुई और पूरे शहर में वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।

इसी दौरान सिदगोड़ा स्थित जैप-6 गेट के पास पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। अपराधियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के बाद दोनों अपराधी बाइक छोड़कर जैप परिसर में घुस गए।

जैप जवानों और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक अपराधी को मौके से पकड़ लिया। वहीं दूसरे आरोपी की तलाश में करीब तीन घंटे तक अभियान चलाया गया, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपित हरपाल सिंह उर्फ गबरू मुठभेड़ में घायल हुआ है और उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।

पूरे अभियान की निगरानी एएसपी ऋषभ त्रिवेदी कर रहे थे। कार्रवाई में सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैयाज अहमद, सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा, बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे और टेल्को थाना की टीम शामिल रही।

पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तार अपराधियों का संबंध किसी बड़े छिनतई गिरोह से हो सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu