पूर्वी सिंहभूम, 16 जून (हि.स.)। टाटानगर रेल सिविल डिफेंस की ओर से मंगलवार को न्यू इलेक्ट्रिक लोको शेड परिसर में कर्मचारियों के लिए आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार और अग्निशमन से जुड़ा विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। टाइम ऑफिस के सामने आयोजित इस प्रशिक्षण में करीब 250 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया और आपात परिस्थितियों से निपटने की व्यावहारिक जानकारी हासिल की।
कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता अंशुमान सिंह के निर्देशन में किया गया। उन्होंने कहा कि रेलवे के तकनीकी कार्यस्थलों पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कर्मचारियों को आपदा से निपटने के लिए प्रशिक्षित रहना जरूरी है।
रेल सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को कार्यस्थल पर होने वाली संभावित दुर्घटनाओं से बचाव, प्राथमिक उपचार और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक लोको शेड रेलवे का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां राजधानी, दुरंतो, सुपरफास्ट यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों के इंजनों की मरम्मत व रखरखाव किया जाता है। ऐसे में कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा तकनीकों की जानकारी होना आवश्यक है।
प्रशिक्षण के दौरान भारी सामान उठाने से होने वाली चोटों, कॉलर बोन और कलाई फ्रैक्चर जैसी स्थितियों में तत्काल प्राथमिक उपचार देने के तरीके बताए गए।
डेमोंस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद ने बेहोश व्यक्ति की स्थिति का आकलन करने, सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देने और अग्निशामक यंत्रों के सुरक्षित संचालन का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर सहायक मंडल विद्युत अभियंता सुदीप आचार्य, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता धीरज कुमार, आर.एन. महतो सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीशियन और कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता अंशुमान सिंह ने रेल सिविल डिफेंस की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने और आपात स्थिति में प्रभावी कार्रवाई करने में मददगार साबित होते हैं।