जर्जर भवन में चल रहा स्कूल, हादसे के डर के बीच पढ़ाई कर रहे विद्यार्थी

खूंटी, 17 जून (हि.स.)। खूंटी जिले के जरियागढ़ स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय का भवन लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। भवन की खराब हालत के बावजूद सैकड़ों छात्र-छात्राएं हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। विद्यालय की स्थिति को लेकर विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावकों में चिंता बढ़ती जा रही है।

विद्यालय के कई कमरों की छत से लगातार प्लास्टर और मलबा गिर रहा है। कई जगहों पर छत के अंदर लगी लोहे की सरिया भी दिखाई देने लगी है। शिक्षकों का कहना है कि कक्षा संचालन के दौरान हमेशा किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। कई बार छत से प्लास्टर टूटकर गिरने की घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे विद्यार्थियों में डर का माहौल रहता है।

बरसात के मौसम में परेशानी और बढ़ जाती है। विद्यालय के कमरों के साथ-साथ कार्यालय की छत भी कई जगहों से टपकती है। बारिश के दौरान कक्षाओं में पानी भर जाता है और विद्यार्थियों को परेशानियों के बीच पढ़ाई करनी पड़ती है।

इस विद्यालय में आसपास के ग्रामीण इलाकों के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि भवन की जर्जर स्थिति वर्षों पुरानी समस्या है। विद्यालय की ओर से कई बार मरम्मत और नए भवन निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि भवन की खराब स्थिति की जानकारी कई बार विभागीय अधिकारियों को लिखित रूप से दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि भवन काफी समय से क्षतिग्रस्त है और छत से मलबा गिरने की समस्या बनी रहती है। भवन की कमी के कारण पढ़ाई बंद करना संभव नहीं है, इसलिए मजबूरी में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।

विद्यालय प्रबंधन समिति, अभिभावकों और ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से जल्द से जल्द पहल कर नए भवन निर्माण या जर्जर भवन के जीर्णोद्धार की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यार्थियों को सुरक्षित शैक्षणिक माहौल देना जरूरी है, अन्यथा कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu