बाइक से गिरकर महिला की मौत, 10 माह का बच्चा बाल-बाल बचा; फाइनेंस कर्मी पर परिजनों ने लगाए आरोप

पलामू, 17 जून (हि.स.)। पड़वा मोड़-औरंगाबाद मुख्य पथ पर छतरपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानी घाटी में बाइक से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। हादसे में उसका 10 माह का बच्चा बाल-बाल बच गया।

मृतका की पहचान हरिहरगंज थाना क्षेत्र के रजवार निवासी 30 वर्षीय प्रतिमा देवी, पति सत्येंद्र भुइयां के रूप में हुई है। घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। महिला फाइनेंस कंपनी से लिए गए लोन के भुगतान के सिलसिले में छतरपुर बैंक जा रही थी।

परिजनों के अनुसार, प्रतिमा देवी को लोन दिलाने वाले समूह के फाइनेंस कंपनी कर्मी के साथ बाइक पर बैठाकर छतरपुर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान सुल्तानी घाटी में बाइक से गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना की सूचना देने के बाद फाइनेंस कर्मी महिला और बच्चे को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। काफी देर तक बच्चा अस्पताल में रोता रहा। मृतका की सास महेश्वरी देवी ने बताया कि प्रतिमा लोन की राशि के लिए छतरपुर जा रही थी।

बुधवार सुबह एमएमसीएच में महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों ने बाइक चालक फाइनेंस कर्मी की पहचान से इनकार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला का पति बाहर रहकर मजदूरी करता है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu