जमशेदपुर गोलीकांड: इलाज के दौरान घायल युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी

पूर्वी सिंहभूम, 17 जून (हि.स.)। जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित खड़िया बस्ती में मंगलवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना में घायल युवक देवदास गौड़ की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला था। गर्दन में गोली लगने के बाद उसे गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, देवदास गौड़ अपने कुछ परिचितों के साथ मंगलवार को जमशेदपुर आया था। देर रात खड़िया बस्ती में किसी बात को लेकर विवाद होने की आशंका है। इसी दौरान गोली चल गई, जो देवदास की गर्दन में जा लगी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।

चिकित्सकों ने उसकी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन हालत लगातार गंभीर बनी रही। बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद उलीडीह ओपी और एमजीएम थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की है। प्रारंभिक जांच में विवाद के बाद गोली चलने की बात सामने आ रही है। पुलिस आरोपितों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

मामले में कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना की वजह और गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

देवदास गौड़ की मौत की खबर मिलते ही परिजन एमजीएम अस्पताल पहुंचे, जहां परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu

और पढ़ें