रांची, 17 जून (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। मंगलवार देर रात दो युवकों ने सॉस की बोतल में पेट्रोल भरकर कार्यालय परिसर में फेंकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बोतलें बाउंड्री के बाहर गिर गईं, जिससे बड़ी घटना टल गई।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक पेट्रोल से भरी बोतलें फेंकने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। पुलिस के अनुसार, पहली बोतल फेंकते समय उसमें लगी आग वाली सुतली जमीन पर गिर गई, जबकि दूसरी बोतल भी कार्यालय तक नहीं पहुंच सकी।
पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जांच के लिए एफएसएल समेत कई टीमों को लगाया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पेट्रोल बम तैयार करने के लिए चिली सॉस की बोतल का इस्तेमाल किया गया था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरएसएस कार्यालय के पास स्थित एक होटल के कुछ कर्मचारियों पर संदेह जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले कार्यालय से जुड़े लोगों ने होटल के खिलाफ गंदगी और अन्य समस्याओं को लेकर शिकायत की थी, जिसके बाद विवाद चल रहा था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी आरएसएस कार्यालय पहुंचे। नेताओं ने घटना को गंभीर बताते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
संजय सेठ ने कहा कि यह सामान्य घटना नहीं है, बल्कि एक बड़ी साजिश का संकेत है। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर डीजीपी से बातचीत हुई है और घटना की गहन जांच की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज में एक टैक्सी और एक मोटरसाइकिल भी दिखाई दे रही है। हमलावर दो बार मौके पर आए और हमला करने की कोशिश की।
भाजपा विधायक सीपी सिंह ने कहा कि यह हमला सिर्फ एक कार्यालय पर नहीं बल्कि सनातन समाज पर हमला है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।