सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, 14 लोग हिरासत में

पश्चिमी सिंहभूम, 17 जून (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिले में सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर मंगलवार देर रात सदर और मुफस्सिल थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की गई।

अभियान का नेतृत्व सदर थाना प्रभारी हरिलाल महतो और मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने किया। पुलिस टीम ने बस स्टैंड, मंगलहाट, मधु बाजार, जेवियर नगर, एसपीजी मिशन कंपाउंड, मुगलसराय, गुटुसाईं और खप्पारसाई समेत कई संवेदनशील इलाकों में जांच अभियान चलाया।

पुलिस को देखते ही कई लोग मौके से भाग निकले, जबकि कई लोगों को हिरासत में लिया गया। अभियान के दौरान मधु बाजार सहित विभिन्न स्थानों से कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया गया। सभी से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सदर थाना प्रभारी हरिलाल महतो ने बताया कि नशाखोरी पर नियंत्रण और सार्वजनिक स्थलों की मर्यादा बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

वहीं मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। नशे के कारण होने वाले अपराध और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाए जाएंगे।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu