संघ कार्यालय पर हमले की कोशिश पर दुलाल भुइयां ने अमित शाह से की कड़ी कार्रवाई की मांग

पूर्वी सिंहभूम, 17 जून (हि.स.)। रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की कोशिश के मामले में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। प्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता दुलाल भुइयां ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

दुलाल भुइयां ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को टैग करते हुए कहा कि संघ कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला करने का प्रयास बेहद गंभीर और निंदनीय है। उन्होंने इसे सामाजिक और राष्ट्रवादी मूल्यों पर हमला बताते हुए दोषियों की जल्द पहचान कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं तथा राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी कानून हाथ में लेने का साहस न कर सके।

पूर्व मंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है और कानून का शासन सर्वोपरि है। उन्होंने विश्वास जताया कि जांच एजेंसियां जल्द ही मामले का खुलासा करेंगी और दोषियों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाया जाएगा।

गौरतलब है कि रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित संघ कार्यालय पर मंगलवार देर रात पेट्रोल बम फेंकने की कोशिश की गई थी। हालांकि हमलावर अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान में जुटी है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu