काटेपाड़ा जंगल में मिले युवक के शव मामले का खुलासा, हत्या के आरोप में ग्रामीण गिरफ्तार

पश्चिमी सिंहभूम, 17 जून (हि.स.)।
जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के काटेपाड़ा जंगल में मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में गांव के ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बुधवार को जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 15 जून को काटेपाड़ा गांव के ग्रामीण मुंडा ने सूचना दी थी कि सुखदेवलंगर नाला के पास जंगल में एक युवक का शव पड़ा हुआ है और उससे दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया।

जांच के दौरान मृतक की पहचान छोटामहुलडीहा निवासी 20 वर्षीय मुकेश बारजो के रूप में हुई। पुलिस को जांच में पता चला कि मृतक का गांव के ही फंटुस लागुरी के साथ कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि विवाद के दौरान आरोपी ने मुकेश को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी थी।

मृतक की पत्नी बुधनी गोप बारजो के लिखित आवेदन के आधार पर जगन्नाथपुर थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच और छापेमारी दल का गठन किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 16 जून को आरोपी फंटुस लागुरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफाएल मुर्मु, पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुंडा, थाना प्रभारी टिंकु कुमार दास सहित तकनीकी शाखा और जगन्नाथपुर थाना की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu