झारखंड में मानसून कमजोर, 17 जून तक लक्ष्य से 57% कम बारिश; कई जिलों में सूखे जैसे हालात

रांची, 17 जून (हि.स.)। झारखंड में मानसून के दस्तक देने के बाद भी बारिश की रफ्तार कमजोर बनी हुई है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 17 जून तक राज्य में सामान्य से 57 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। बारिश की कमी के कारण कई जिलों में सूखे जैसी स्थिति बनने लगी है।

मौसम विभाग के मुताबिक, इस अवधि में झारखंड में औसतन 29.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा इससे काफी अधिक होना चाहिए था। कम बारिश के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई है और राज्य के कई हिस्सों में उमस भरी गर्मी फिर से बढ़ गई है।

आंकड़ों के अनुसार, राजधानी रांची में अपेक्षाकृत बेहतर बारिश हुई है। यहां सामान्य लक्ष्य के मुकाबले 86.4 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई है। वहीं, रांची को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश सामान्य से काफी कम रही।

गढ़वा और चतरा में सबसे खराब स्थिति
बारिश की कमी से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में गढ़वा और चतरा शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार, गढ़वा में 1 से 17 जून के बीच करीब 39.5 मिलीमीटर और चतरा में 51.4 मिलीमीटर बारिश की उम्मीद थी, लेकिन वास्तविक बारिश बेहद कम रही।

18-19 जून को ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 18 और 19 जून को राज्य के पूर्वी और मध्य हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसे देखते हुए कई क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

डाल्टनगंज में 42.4 डिग्री पहुंचा तापमान
पिछले 24 घंटों में डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लातेहार में न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

अन्य शहरों में जमशेदपुर और बोकारो में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री, चाईबासा में 39.4 डिग्री और राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में बारिश होने से तापमान में कुछ गिरावट आएगी, लेकिन फिलहाल राज्य के लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu