झारखंड राज्यसभा चुनाव: दो सीटों के लिए मतदान जारी, शाम 5 बजे शुरू होगी मतगणना

झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए गुरुवार सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान झारखंड विधानसभा के कक्ष संख्या-142 में कराया जा रहा है। विधायक निर्धारित प्रक्रिया के तहत बारी-बारी से पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा, जबकि मतगणना शाम 5 बजे से शुरू होगी। चुनाव परिणाम देर रात तक आने की संभावना है। मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जा रहा है।

इस चुनाव में सबसे ज्यादा नजर दूसरी सीट के मुकाबले पर है। विधानसभा परिसर में मतदान शुरू होते ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई। सत्तारूढ़ इंडी महागठबंधन और एनडीए दोनों ही खेमों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है।

इंडी महागठबंधन की ओर से बैजनाथ राम और प्रणव झा उम्मीदवार हैं, जबकि भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवानी चुनाव मैदान में हैं।

मतदान से पहले एनडीए ने अपने सभी 24 विधायकों के साथ विधानसभा पहुंचकर शक्ति प्रदर्शन किया। एनडीए नेताओं ने दावा किया कि उनके विधायक एकजुट हैं और गठबंधन जीत दर्ज करेगा।

निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवानी भी विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा कि उन्हें भगवान का आशीर्वाद प्राप्त है और विभिन्न दलों का समर्थन मिल रहा है।

वहीं, झामुमो नेता और मंत्री चमरा लिंडा ने इंडी गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत का दावा किया। महागठबंधन के विधायक भी बसों और निजी वाहनों से विधानसभा पहुंचे और एकजुटता दिखाई।

अब सभी की निगाहें शाम 5 बजे शुरू होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। इसके बाद साफ होगा कि झारखंड से राज्यसभा की दोनों सीटों पर कौन-कौन उम्मीदवार जीत दर्ज करते हैं।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu