झारखंड में दो राज्यसभा सीटों के लिए जारी मतदान के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) उम्मीदवार बैजनाथ राम ने अपनी जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। विधानसभा पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि गठबंधन के पास पर्याप्त संख्या बल है और दोनों सीटों पर उनकी जीत तय है।
मीडिया से बातचीत में बैजनाथ राम ने कहा कि उनकी जीत की संभावना 100 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में गठबंधन की बैठकों में चुनावी रणनीति और संख्या बल को लेकर विस्तृत चर्चा हुई है। इसके अलावा मॉक पोल के नतीजे भी गठबंधन के पक्ष में रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है।
भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के चुनाव मैदान में होने को लेकर पूछे गए सवाल पर बैजनाथ राम ने कहा कि उनके जीतने की कोई संभावना नहीं है। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन के दोनों उम्मीदवार राज्यसभा के लिए निर्वाचित होंगे।
मतदान से पहले बैजनाथ राम पूजा-पाठ कर विजय तिलक लगाकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह हर महत्वपूर्ण कार्य से पहले ईश्वर की आराधना करते हैं और इसे देवी-देवताओं का आशीर्वाद मानते हैं।
गौरतलब है कि पूर्व मंत्री और विधायक रह चुके बैजनाथ राम को इस बार झामुमो ने राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है।