परसुडीह थाना क्षेत्र के शंकरपुर इलाके में महिला से पर्स छीनकर भाग रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। पकड़ने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया और थाने ले गई।
घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शंकरपुर गोबरा टोला निवासी सुनीता वर्मा अपने घर से विद्यासागर पाली मेन रोड की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने उनका पर्स झपट लिया और भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग सक्रिय हो गए और युवक की तलाश शुरू कर दी।
कुछ देर बाद गांधी मैदान के पास लोगों ने युवक को पकड़ लिया। महिला ने उसकी पहचान शंकरपुर निवासी सूरज श्रीवास्तव उर्फ मार्कण्डेय के रूप में की। ग्रामीणों के अनुसार, तलाशी के दौरान उसके पास से महिला का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
पीड़िता ने बताया कि पर्स में रियलमी मोबाइल फोन, करीब दो हजार रुपये नकद और घर की चाबी थी। महिला के मुताबिक, आरोपी ने टोपी पहन रखी थी और चेहरे को आंशिक रूप से ढक रखा था।
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इधर, झामुमो के मध्य सरजमदा पंचायत अध्यक्ष विमल पाल ने दावा किया कि गिरफ्तार युवक का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। उन्होंने वाहन जलाने के मामले में भी शिकायत दर्ज होने और नशे व चोरी जैसी गतिविधियों में संलिप्त रहने का आरोप लगाया है।
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।