एनएच-19 पर सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर रूप से घायल

जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एनएच-19 पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह दुर्घटना सियरकोनी स्थित सीएम होटल के पास हुई। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से चौपारण की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात ऑटो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया है। वहीं, घायल युवक को चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस मृतक और घायल युवक की पहचान में जुटी हुई है। हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu