तालाब में डूबने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत, गांव में पसरा मातम

पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र के आसुरा गांव टोला सुरजाबासा में तालाब में डूबने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान आनंद बिरुली के रूप में हुई है, जो एलकेजी का छात्र था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम आनंद बिरुली अपनी मां अंकिता बिरूली के साथ सुरजाबासा स्थित सरकारी तालाब में नहाने गया था। मां तालाब में नहा रही थी, जबकि आनंद भी पास में ही नहा रहा था। इसी दौरान अचानक मां की नजर बच्चे पर पड़ी तो वह गायब मिला।

इसके बाद मां ने शोर मचाया और ग्रामीणों की मदद से बच्चे की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आनंद को तालाब के गहरे पानी से बाहर निकाला। उस समय बच्चा बेसुध अवस्था में था।

परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से वाहन की व्यवस्था कर बच्चे को इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया। लेकिन देर रात इलाज के दौरान चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu