ओडिशा सरकार के 2 साल पूरे होने पर पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मु देंगे ₹47,600 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 जून को ओडिशा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी उनके साथ मौजूद रहेंगी। दोनों शीर्ष नेता मयूरभंज जिले के पहाड़पुर गांव पहुंचेंगे और ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान राज्य को ₹47,600 करोड़ से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। इनमें ऊर्जा, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, सिंचाई और औद्योगिक विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति सुबह करीब 11:15 बजे मयूरभंज जिले के पहाड़पुर पहुंचेंगे। यहां वे संथाली जाहेरा और हो जाहेरा जैसे पवित्र उपवनों में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद स्किल सेंटर और पहाड़पुर स्कूल का दौरा करेंगे।

दोपहर करीब 1 बजे दोनों नेता रायरंगपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। “विकास रा धारा, ओडिशा सारा” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम में जिन प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, उनमें 600 मेगावाट क्षमता वाली अपर इंद्रावती पंप्ड स्टोरेज परियोजना, आईबी थर्मल पावर स्टेशन के स्टेज-द्वितीय विस्तार के तहत 660 मेगावाट की दो इकाइयां और झारसुगुड़ा के लखनपुर में भारत कोल गैसीफिकेशन एंड केमिकल्स लिमिटेड (बीसीजीसीएल) परियोजना शामिल हैं।

इसके अलावा भुवनेश्वर में 300 टीपीडी क्षमता वाले ठोस अपशिष्ट आधारित संपीड़ित बायोगैस संयंत्र, कटक-भुवनेश्वर को जोड़ने वाले काठजोड़ी नदी पुल, नुआपाड़ा से घाटीपाड़ा तक एनएच-353 का चार लेन विस्तार, कुसुमडीही मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना और रायरंगपुर में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र व इंडोर बैडमिंटन कॉम्प्लेक्स जैसी योजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी।

वहीं, बौध जिला अस्पताल की 300 बिस्तरों वाली नई इमारत, 24 अटल बस स्टैंड, नौ ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन समेत कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा।

प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति का यह दौरा ओडिशा में बुनियादी ढांचे के विस्तार, ऊर्जा क्षमता बढ़ाने और जनजातीय क्षेत्रों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu