घर में अकेली युवती ने फंदे से झूलकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चांदमारी गांव में एक युवती ने कथित तौर पर फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान सिया कुमारी (पिता स्वर्गीय संजीत राम) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के बड़े भाई विशाल राम के अनुसार, गुरुवार को परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कार्यों में व्यस्त थे। वह सुबह काम पर गए थे और शाम करीब छह बजे घर लौटने पर उन्होंने अपनी बहन को कमरे में फंदे से लटका हुआ देखा।

परिजनों ने तत्काल सिया कुमारी को नीचे उतारकर सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

परिवार के अनुसार, सिया कुमारी के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उनकी मां मजदूरी और अन्य कार्यों के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहती हैं, जबकि बड़ा भाई टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। भाई की पत्नी भी पिछले दो माह से मायके में रह रही है। ऐसे में सिया अधिकांश समय घर में अकेली रहती थीं।

परिजनों का कहना है कि उन्हें आत्महत्या के पीछे किसी स्पष्ट कारण की जानकारी नहीं है। परिवार के मुताबिक, घर में किसी प्रकार के विवाद या तनाव की जानकारी सामने नहीं आई है।

सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu