प्रधानमंत्री आवास योजना से 340 परिवारों का सपना हुआ साकार, मोहरदा आवासीय परिसर में गृह प्रवेश संपन्न

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के बिरसानगर स्थित मोहरदा आवासीय परिसर में शुक्रवार को 340 परिवारों को उनके नए घर की चाबी सौंपी गई। वर्षों से अपने आशियाने का इंतजार कर रहे लाभुकों के लिए यह दिन खुशी और उत्साह से भरा रहा। चाबी मिलते ही लाभुकों के चेहरों पर खुशी और संतोष झलक उठा।

गृह प्रवेश कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने ऑनलाइन माध्यम से किया। इस अवसर पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने लाभुकों के साथ पूजा-अर्चना कर विधिवत गृह प्रवेश कराया।

मोहरदा आवासीय परियोजना के तहत कुल 644 फ्लैटों का निर्माण कराया गया है। इनमें से 340 लाभुकों ने बैंक की निर्धारित राशि जमा कर आवंटन की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली थीं। इसके बाद प्रथम चरण में उन्हें आवास की चाबी सौंपी गई। शेष पात्र लाभुकों को औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अगले चरणों में आवास उपलब्ध कराया जाएगा।

बताया गया कि यह परियोजना पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में शुरू हुई थी। विभिन्न प्रशासनिक और तकनीकी कारणों से निर्माण कार्य में देरी हुई, लेकिन अब परियोजना पूरी होने के बाद इसका लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचने लगा है। योजना के तहत निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को किफायती दर पर आवास उपलब्ध कराया गया है।

नया घर मिलने के बाद लाभुकों ने खुशी जताते हुए कहा कि वे लंबे समय से किराये के मकानों में रह रहे थे और अपने घर का सपना देख रहे थे। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उनका यह सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि अपना घर मिलने से आर्थिक बोझ कम होगा और परिवार को सुरक्षित व सम्मानजनक जीवन मिलेगा।

गृह प्रवेश के दौरान कई परिवारों ने अपने नए आवास में पूजा-पाठ कर नई शुरुआत की। लाभुकों ने प्रधानमंत्री आवास योजना को गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए सरकार के प्रति आभार जताया।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu