कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में छह दिनों से लापता 12 वर्षीय किशोर का शव शुक्रवार सुबह एक कुएं से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि किशोर की मौत कुएं में गिरने से हुई या फिर उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई है।
मृतक की पहचान गोलवाढाब गांव निवासी दीपक उर्फ शीतल कुमार (12) के रूप में हुई है। वह वीरेंद्र यादव का पुत्र था और स्थानीय विद्यालय में छठी कक्षा का छात्र था। परिजनों के मुताबिक दीपक बीते रविवार की शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने डोमचांच थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
शुक्रवार सुबह बगड़ो पंचायत के मेघन पहाड़ी क्षेत्र स्थित एक कुएं में शव मिलने की सूचना ग्रामीणों को मिली। बताया गया कि कुछ ग्रामीणों ने कुएं में तैरता हुआ शव देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान दीपक उर्फ शीतल कुमार के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। हत्या की आशंका समेत दुर्घटना के एंगल पर भी जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों, ग्रामीणों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।