अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को चाईबासा में ‘रन फॉर योगा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रोजेक्ट जागृति “बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” अभियान के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर से हुई। इसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतिभागी शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए चाईबासा के गांधी मैदान पहुंचे, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया।
दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने योग के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों को लेकर जागरूकता संदेश दिए। स्लोगन, पोस्टर और होर्डिंग के माध्यम से लोगों से नियमित योगाभ्यास करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों को नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है।
उप विकास आयुक्त ने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न स्तरों पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है और कई बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है। योग स्वस्थ समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है और भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, उपसमाहर्ता नजारत, जिला खेल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।