जिले के समाजसेवी सचिन कुमार साहू ने रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस घटना को समाज और राज्य की शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गंभीर घटना बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सचिन कुमार साहू ने कहा कि घटना के बाद झारखंड पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तकनीकी जांच और खुफिया तंत्र के सहयोग से आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों, जांच टीम और स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि त्वरित कार्रवाई से मामले का जल्द खुलासा संभव हो सका।
उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस की सक्रियता और पेशेवर कार्यशैली से अपराधियों को जल्द पकड़ा गया, जिससे आम लोगों का कानून-व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए।
समाजसेवी ने कहा कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने समाज के सभी वर्गों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि राज्य में सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण कायम रह सके।