फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) की बिजनेस एक्सपेंशन एंड न्यू ऑपर्चुनिटी उप समिति की बैठक शुक्रवार को चेंबर भवन में हुई। बैठक में व्यापार विस्तार, नई संभावनाओं की पहचान और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से व्यवसाय को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में कहा गया कि बदलते व्यावसायिक माहौल में व्यापारियों को पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ एआई आधारित टूल्स, डिजिटल ऑटोमेशन, डेटा एनालिटिक्स, डिजिटल मार्केटिंग और आधुनिक बिजनेस मैनेजमेंट सिस्टम को अपनाना होगा। इससे लागत में कमी, ग्राहकों तक बेहतर पहुंच और व्यापारिक निर्णयों में तेजी लाई जा सकती है।
उप समिति ने व्यापारियों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले ट्रेड फेयर, बिजनेस एक्सपो और उद्योग प्रदर्शनियों में भागीदारी बढ़ाने की अपील की। बैठक में कहा गया कि ऐसे आयोजनों से नई तकनीकों, बाजार की मांग और व्यापार विस्तार के अवसरों की जानकारी मिलती है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि राजधानी रांची में जल्द ही बड़े स्तर पर बिजनेस कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। इस कॉन्क्लेव में उद्योग विशेषज्ञ, सफल उद्यमी, स्टार्टअप, निवेशक और विभिन्न क्षेत्रों के व्यवसायी शामिल होंगे। कार्यक्रम में व्यापार विस्तार, निवेश, नवाचार और नई व्यावसायिक संभावनाओं पर चर्चा होगी।
उप समिति के अध्यक्ष मनीष सराफ ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में व्यापारियों को नई तकनीक, डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधुनिक बिजनेस मॉडल के अनुरूप खुद को अपडेट करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित बिजनेस कॉन्क्लेव व्यापारियों को नए अवसरों से जोड़ने और नेटवर्किंग का बेहतर मंच उपलब्ध कराएगा।
बैठक में चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, उप समिति चेयरमैन मनीष सराफ, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल और तुलसी पटेल मौजूद थे।