टाटा मैजिक से बिहार ले जाई जा रही अवैध शराब की खेप बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टाटा मैजिक वाहन से अवैध अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है। इस मामले में वाहन चालक और उपचालक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डोमचांच से सतगावां के रास्ते एक टाटा मैजिक वाहन में अवैध शराब लादकर बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष के निर्देश पर ढाब थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने ढाब चौक के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान लाल रंग की टाटा मैजिक (जेएच10एडी-9243) तेज रफ्तार से आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी और कुछ दूरी पर वाहन खड़ा कर चालक एवं उपचालक भागने लगे। पुलिस जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चालक चंदन कुमार (19 वर्ष) और उपचालक अमन कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों शराब से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने टाटा मैजिक वाहन समेत कुल 48 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की है। इसमें 42 बोतल रॉयल स्टैग (750 एमएल) और 6 बोतल आइकोनिक व्हाइट शामिल हैं।

इस मामले में ढाब थाना में कांड संख्या 04/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार, तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

छापेमारी टीम में ढाब थाना प्रभारी बमबम कुमार सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu