कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 स्थित इमामबाड़ा के पास हुए चर्चित गोरा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद बालिका संप्रेषण गृह में पदस्थापित महिला सिपाही संगीता खलखो को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान उसके खिलाफ मिले साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
संगीता खलखो भालूबासा मुस्लिम बस्ती की रहने वाली है। उसका पुत्र सलमान खान पहले से ही इस हत्याकांड समेत कई अन्य आपराधिक मामलों में जेल में बंद है। सलमान पर हत्या, फायरिंग, रंगदारी सहित कई गंभीर आरोप दर्ज हैं।
कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने बताया कि 21 नवंबर 2025 को गोरा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के पिता मो. नियाज के बयान पर कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी में विजय पांडेय, शादाब खान उर्फ बिल्ली, अयान, सलमान खान, संगीता खलखो समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था।
पुलिस ने बताया कि मामले में पहले ही विजय पांडेय, शादाब खान उर्फ बिल्ली, अयान और शुभम कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की गई थी। पुलिस के मुताबिक, आगे की जांच में संगीता खलखो की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला गैंगवार से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के दौरान हमलावरों ने गोरा पर सात गोलियां चलाई थीं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि अयान ने छह गोलियां चलाई थीं, जबकि शादाब खान उर्फ बिल्ली ने एक गोली दागी थी।
फिलहाल पुलिस हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों, संभावित साजिशकर्ताओं और घटना के पीछे के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।