राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में शुक्रवार को हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। सुबह से दोपहर बाद तक रुक-रुक कर हुई वर्षा के कारण मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक 55 मिलीमीटर बारिश रांची के नामकुम क्षेत्र में दर्ज की गई। वहीं, राज्य का सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान नामकुम में 19 डिग्री सेल्सियस रहा।
गौरतलब है कि 12 जून को झारखंड में मानसून के प्रवेश के बाद भी अधिकांश जिलों में अपेक्षित बारिश नहीं हो पाई थी। मानसून की धीमी रफ्तार के कारण कई क्षेत्रों में लोग गर्मी और उमस से परेशान थे। शुक्रवार की बारिश ने राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में लोगों को काफी राहत पहुंचाई।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य में व्यापक या भारी बारिश की संभावना से इनकार किया है। विभाग के मुताबिक, 25 जून तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 42 डिग्री और न्यूनतम 27.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 38.1 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 36.8 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में छिटपुट बारिश जारी रह सकती है। हालांकि अच्छी और व्यापक बारिश के लिए अभी कुछ और दिनों का इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को ताजा मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।