ओरमांझी क्षेत्र की वर्षों पुरानी जर्जर इरबा-ओएना सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बुधवार को सड़क पर देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और जल्द सड़क निर्माण की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सांसद संजय सेठ और खिजरी विधायक राजेश कच्छप का पुतला दहन किया। ग्रामीणों ने “रोड नहीं तो वोट नहीं” का नारा लगाते हुए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
ग्रामीणों का कहना है कि इरबा-ओएना रोड लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। सड़क पर बने गड्ढों और खराब स्थिति के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आने वाले चुनाव में जनप्रतिनिधियों का विरोध किया जाएगा।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन से सड़क निर्माण की प्रक्रिया तेज करने की मांग की।
वहीं, खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि ग्रामीणों की मांग जायज है और सड़क निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण से जुड़े कई पैकेजों पर काम चल रहा है, जबकि तीन महत्वपूर्ण पैकेज अभी स्वीकृति के इंतजार में हैं।
विधायक ने कहा कि सरकार और संबंधित विभागों से मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए सरकार और जनप्रतिनिधियों की ओर से लगातार प्रयास किए जाने की बात कही।
उन्होंने आंदोलन का नेतृत्व कर रहे कुछ लोगों पर ग्रामीणों को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और विकास कार्यों पर भरोसा रखें।