नामकोम में आधुनिक बस स्टैंड का संचालन शुरू, अब सभी बसें यहीं से होंगी रवाना

जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नामकोम, खूंटी स्थित नवनिर्मित आधुनिक बस स्टैंड का संचालन शुरू कर दिया गया है। उपायुक्त मो. जावेद हुसैन के निर्देश पर शुरू हुई इस नई व्यवस्था से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही शहर की परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

जिला प्रशासन ने सभी बस मालिकों और चालकों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब विभिन्न रूटों पर चलने वाली सभी बसों का परिचालन केवल नामकोम स्थित नए बस स्टैंड से ही किया जाएगा। यात्रियों के चढ़ने-उतरने और बसों के ठहराव की व्यवस्था बस स्टैंड परिसर के अंदर ही सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की मुख्य सड़कों पर बस खड़ी कर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने की अनुमति नहीं होगी। यातायात बाधित करने या सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित वाहन मालिक और चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी तथा नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा।

बस स्टैंड के शुभारंभ अवसर पर नगर पंचायत खूंटी की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, वार्ड पार्षद, अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत, थाना प्रभारी, बस ऑनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि सहित कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, बस संचालकों और वाहन चालकों से नई व्यवस्था का पालन करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने में सहयोग की अपील की है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu