झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) खूंटी के जिला सचिव और खूंटी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुशील पाहन का गुरुवार देर रात निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
सुशील पाहन भारत मुंडा समाज झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष भी थे। वह लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा को समर्पित कर दिया था। वर्ष 2019 में उन्होंने झामुमो के टिकट पर खूंटी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। गुरुवार रात अचानक उनका निधन हो गया। निधन की खबर मिलते ही शुक्रवार सुबह से ही उनके पैतृक गांव डूमरगड़ी पंचायत के डुफू गांव (कर्रा प्रखंड) में झामुमो कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी।
परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार 26 जून को दोपहर 12 बजे डूमरगड़ी पंचायत के डुफू गांव में किया जाएगा।
सुशील पाहन के निधन पर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा, तमाड़ विधायक विकास सिंह मुंडा, झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया है।
विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि सुशील पाहन सरल, मिलनसार और संघर्षशील व्यक्तित्व के धनी थे। पार्टी और समाज के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। वहीं विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि समाज और संगठन के लिए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।