रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: बैंड-ताशा पार्टी के सात सदस्यों की मौत, एनएच-23 जाम कर ग्रामीणों का प्रदर्शन

रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर बारलोंग के समीप गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बैंड-ताशा पार्टी के सात सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है।

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-23 को जाम कर दिया और सड़क सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन ग्रामीणों से वार्ता कर जाम हटाने का प्रयास कर रहा है।

पुलिस के अनुसार, बलसगरा के दो लोग और मरांगमरचा गांव के बैंड-ताशा पार्टी के सदस्य एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी सवारी वाहन से वापस बलसगरा लौट रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सवारी वाहन के परखच्चे उड़ गए। वाहन में सवार सभी आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया।

रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि आठ घायलों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें सात की मौत हो चुकी थी। एक घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे रिम्स रेफर किया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े पिंटू के अनुसार, वाहन में कुल आठ लोग सवार थे। इनमें दो लोग बलसगरा और छह लोग मरांगमरचा गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक के रॉन्ग साइड में आकर सवारी वाहन को टक्कर मारने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क चौड़ीकरण, स्ट्रीट लाइट लगाने, डिवाइडर निर्माण, सीसीटीवी कैमरे लगाने और दुर्घटना रोकने के लिए स्थायी उपाय करने की मांग की है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu