धार्मिक नगरी वाराणसी में काशी की ऐतिहासिक गलियों को नया स्वरूप देने का काम तेजी से चल रहा है। नगर निगम के हेरिटेज रेस्टोरेशन प्रोजेक्ट के तहत प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर जाने वाली गली का सौंदर्यीकरण और पुनर्स्थापन कार्य किया जा रहा है।
नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद्रा ने शनिवार को बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य काशी की प्राचीन और आध्यात्मिक पहचान को संरक्षित रखते हुए श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि हेरिटेज रेस्टोरेशन प्रोजेक्ट के माध्यम से काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐतिहासिक स्थलों और मंदिरों तक जाने वाले मार्गों को उनकी मूल पहचान के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।
गौरतलब है कि इस परियोजना में काशी के प्रसिद्ध एवं प्राचीन मंदिरों, धार्मिक स्थलों और स्मारकों तक जाने वाली गलियों को शामिल किया गया है। इन मार्गों पर सौंदर्यीकरण, भवनों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग और अन्य संरक्षण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।