खेत में बीज बोने गये बुजुर्ग की दाउली से हत्या, जमीन विवाद में आरोपी गिरफ्तार

तमाड़। तमाड़ थाना क्षेत्र के बारेडीह गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खेत में बीज बोने गये 70 वर्षीय गोविन्द महतो की कथित तौर पर दाउली से हमला कर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कुईला महतो को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की दाउली भी बरामद कर ली गयी है।
पुलिस के अनुसार, 24 जून को गोविन्द महतो अपने खेत में बीज बोने गये थे। बीज डालने के बाद वह खेत में एक पेड़ की छांव में बैठे थे। इसी दौरान गांव के ही कुईला महतो ने कथित रूप से पीछे से आकर लोहे की दाउली से उनकी गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी।
घटना की सूचना मिलने पर तमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और इसी को लेकर अक्सर कहासुनी व झगड़ा होता रहता था।

मृतक के पुत्र रामायण महतो के लिखित आवेदन पर तमाड़ थाना में कांड संख्या 38/2026 दर्ज किया गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने आरोपी कुईला महतो को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की दाउली भी बरामद कर ली गयी।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें