खूंटी, 07 जुलाई (हि.स.)। मानसून की हल्की फुहारों ने खूंटी जिले के किसानों को राहत दी है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के बाद खेतों में नमी बढ़ गई है, जिससे खरीफ खेती का काम तेज हो गया है। जिले के खूंटी, तोरपा, कर्रा, मुरहू, रनिया और अड़की प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में किसान खेतों की तैयारी और धान रोपाई के कार्य में जुट गए हैं।
सुबह होते ही किसान परिवार के साथ खेतों में पहुंच रहे हैं। कहीं ट्रैक्टर से जुताई हो रही है तो कहीं बैलों की मदद से खेत तैयार किए जा रहे हैं। महिलाएं और पुरुष मिलकर कृषि कार्यों में हाथ बंटा रहे हैं। बारिश के बाद गांवों में हरियाली लौट आई है और खेतों में चहल-पहल बढ़ गई है।
कुंजला गांव के प्रगतिशील किसान और भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष काशीनाथ महतो ने कहा कि समय पर हुई बारिश से खेती के लिए बेहतर माहौल बना है। पर्याप्त नमी मिलने से कृषि कार्यों में तेजी आई है और इस वर्ष धान की अच्छी पैदावार की उम्मीद है।
किसानों को प्रमाणित बीज के इस्तेमाल की सलाह
तोरपा कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. राजन चौधरी ने किसानों को प्रमाणित बीजों का उपयोग करने और संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि खेती से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए किसान कृषि विशेषज्ञों से संपर्क कर सकते हैं।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मिली मजबूती
बारिश के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। खेतों में काम बढ़ने से मजदूरों को रोजगार मिलने लगा है। वहीं खाद और बीज की दुकानों पर किसानों की भीड़ बढ़ने से व्यापारियों में भी उत्साह देखा जा रहा है। मानसून की सक्रियता से किसानों को इस बार बेहतर फसल की उम्मीद है।