JPSC पीटी रिजल्ट विवाद को लेकर राज्यपाल से मिला प्रतिनिधिमंडल, जांच और परीक्षा स्थगन की मांग
रांची, 07 जुलाई (हि.स.)। 14वीं JPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (PT) के परिणाम को लेकर उठ रहे सवालों के बीच एक प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन, रांची में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में 14वीं JPSC पीटी परीक्षा की पूरी चयन प्रक्रिया की उच्चस्तरीय सीबीआई और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने आयोग द्वारा बिना सदस्यों के हस्ताक्षर और बिना कट-ऑफ जारी किए गए परिणाम की जांच, वायरल OMR शीट और उससे जुड़े दावों की निष्पक्ष जांच की भी मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि जांच पूरी होने तक 18 से 20 जुलाई को प्रस्तावित मुख्य परीक्षा को स्थगित किया जाए और अभ्यर्थियों को आवेदन एवं तैयारी के लिए पर्याप्त समय दिया जाए। साथ ही भविष्य में JPSC की सभी परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह मामला झारखंड के लाखों छात्रों के भविष्य और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था से जुड़ा है। राज्यपाल ने पूरे विषय को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मौके पर रांची जिला अध्यक्ष गुणा भगत, महानगर अध्यक्ष संजय महतो, केंद्रीय संगठन महासचिव मनीष साहू और केंद्रीय सचिव विराट महतो सहित अन्य लोग मौजूद रहे।