हिमांशु सिंह हत्याकांड: बार मैनेजर समेत तीन गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद

**हिमांशु सिंह हत्याकांड: बार मैनेजर समेत तीन गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद**

**जमशेदपुर, 07 जुलाई (हि.स.)।** बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के चर्चित डीडी बार हत्याकांड में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की जांच कर रही एसआईटी ने डीडी बार के मैनेजर विजय महानंद समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक विधि-विरुद्ध नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।

एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिव ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में डीडी बार मैनेजर विजय महानंद (42), लखिन्द्र लोहार (20) और गम्हरिया थाना क्षेत्र निवासी जगदीश मंडल उर्फ रोहन उर्फ मुर्गा (24) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, जगदीश मंडल ने घटना के बाद आरोपितों को फरार होने में मदद की और हथियार छिपाने में अहम भूमिका निभाई।

एसआईटी ने आरोपितों की निशानदेही पर धतकीडीह इलाके से हत्या में इस्तेमाल किए गए कई घातक हथियार बरामद किए हैं। इनमें लोहे का चापड़, कुल्हाड़ी, भुजाली, बड़ा चाकू, लोहे के पंच, स्टील की गुप्ती, एक बाइक और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं।

गौरतलब है कि 27 जून 2026 की रात डीडी बार के बाहर विवाद के बाद हिमांशु सिंह और उसके साथी प्रत्युष सिंह पर धारदार हथियारों से हमला किया गया था। पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों को सुरक्षा के लिए पुलिस वाहन में बैठाया गया था, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें वाहन से उतारकर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

पुलिस ने बताया कि मामले में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi