पलामू के पड़वा प्रखंड स्थित सिक्का गांव में एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार की महिला मुखिया लाखो देवी की रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। एक सदस्य सुनील कुमार मेहता अब भी रिम्स में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सभी मौतों का कारण दूषित सरसों के तेल से फैली ड्रॉप्सी बीमारी माना गया है। फूड टेस्टिंग लैब की रिपोर्ट में तेल में आर्जीमोन (कटैला/पीला धतूरा) के बीजों की मिलावट की पुष्टि हुई है। हालांकि अंतिम पुष्टि विसरा जांच रिपोर्ट के बाद होगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गांव में दोबारा घर-घर सर्वे कराया जाएगा। वर्ष 2011 के बाद देश में ड्रॉप्सी का यह पहला बड़ा मामला माना जा रहा है।