बंद कमरे से मिला नवविवाहिता का तीन दिन पुराना शव, पति फरार; हत्या की आशंका

 

नोवामुंडी के सोसोपी गांव में सनसनी, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

चाईबासा, 10 जुलाई: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र के सोसोपी गांव में 19 वर्षीय नवविवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में बंद कमरे से शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। घटना के बाद से मृतका का पति फरार है, जबकि मायके पक्ष ने उस पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मृतका की पहचान लक्ष्मी सिरका के रूप में हुई है। बताया गया कि बचपन में माता-पिता के निधन के बाद उसका पालन-पोषण रिश्तेदारों ने किया था। करीब एक वर्ष पूर्व उसने सोसोपी गांव निवासी सोमा बारजो से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों गांव में साथ रह रहे थे।

मृतका के चाचा लादुरा सिरका का आरोप है कि सोमा बारजो ने लक्ष्मी की हत्या कर शव को घर के एक कमरे में बंद कर दिया और फरार हो गया। गुरुवार को जब मायके पक्ष के लोग लक्ष्मी से मिलने उसके घर पहुंचे तो काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर कमरे की जांच की गई, जहां से लक्ष्मी का शव बरामद हुआ।

घटना के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने से पहले गांव के कुछ लोग शव के अंतिम संस्कार की तैयारी में गड्ढा खोद रहे थे। जानकारी मिलते ही नोवामुंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार की तैयारी रुकवाकर शव को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नोवामुंडी थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शव करीब तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और काफी हद तक सड़-गल चुका है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और फरार पति की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

 

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi