महिला उद्यमिता को नई उड़ान देने की दिशा में Glitz & Glam Exhibition सराहनीय पहल : दीपिका पांडेय सिंह

रांची। झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शुक्रवार को रांची में जेसीआई रांची उड़ान (JCI Ranchi Udaan) द्वारा आयोजित Glitz & Glam Exhibition का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने महिला उद्यमियों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उनके उत्पादों, नवाचारों और उद्यमिता के अनुभवों की जानकारी ली।

मंत्री ने कहा कि यह प्रदर्शनी महिला उद्यमिता, स्थानीय प्रतिभाओं और स्वरोज़गार को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल है। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, उत्पादों के लिए नए बाजार उपलब्ध कराने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का सशक्त अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि Glitz & Glam Exhibition एक प्रतिष्ठित और लंबे समय से आयोजित होने वाला आयोजन है, जिसमें महिला उद्यमियों की प्रतिभा और रचनात्मकता की प्रेरणादायक झलक देखने को मिलती है। ज्वेलरी, गारमेंट्स, होम डेकोर सहित विभिन्न उत्पादों के माध्यम से महिलाएं अपने स्टार्टअप और नवाचारों का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष लोग इस प्रदर्शनी का बेसब्री से इंतजार करते हैं और यह आयोजन स्थानीय महिला उद्यमियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने तथा अधिक लोगों तक पहुंच बनाने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराता है।

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन तथा विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन भविष्य में और अधिक महिलाओं को नए उद्यम स्थापित करने तथा झारखंड की अर्थव्यवस्था और सामाजिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने जेसीआई रांची उड़ान की पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी पहल आत्मनिर्भर झारखंड के निर्माण को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगी।

कार्यक्रम में जेसीआई रांची उड़ान की प्रेसिडेंट जेएफएम डॉ. प्रिया लखोटिया, सेक्रेटरी पूजा बुधिया, फाउंडर प्रेसिडेंट जीएफएस राखी जैन सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama